गाजीपुर में बच्चा चोर समझकर पकड़ी गई महिला मंदबुद्धि निकली
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. भदौरा ब्लॉक के रक्सहां गांव में एक अज्ञात महिला को बच्चा चोर समझकर ग्रामीणों ने पकड़ लिया। महिला के पास से एक डिब्बे में केमिकल मिला, जिसे नाली में फेंकने के बाद तीन बच्चे बेहोश हो गए। यह घटना राजभर बस्ती में हुई, जिससे गांव में हड़कंप मच गया।
लगभग 60 वर्षीय यह महिला गांव की राजभर बस्ती में पहुंची थी। ग्रामीणों ने उसे बच्चा चोर होने के संदेह में पकड़ा। जांच के दौरान उसके पास से एक डिब्बे में केमिकल बरामद हुआ। ग्रामीणों ने उस केमिकल को नाली में फेंक दिया।
केमिकल से निकली दुर्गंध के कारण गांव की खुशुबू राजभर, प्रदीप राजभर और रोशन नामक तीन बच्चे अचेत होकर गिर पड़े। इस अप्रत्याशित घटना से पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बेहोश बच्चों को तुरंत एक निजी अस्पताल पहुंचाया।
प्राथमिक उपचार के बाद तीनों बच्चों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई और उनके परिजन उन्हें घर ले गए। पुलिस महिला को थाने ले आई, जहां पूछताछ के दौरान वह अपना नाम-पता बताने में असमर्थ रही।
पुलिस ने महिला को मेडिकल जांच के लिए भेजा, जिसमें वह मंदबुद्धि पाई गई। इसके बाद उसे मानसिक अस्पताल में भर्ती करा दिया गया। थाना निरीक्षक योगेंद्र सिंह ने बताया कि महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ है, जिसके कारण उसकी पहचान नहीं हो सकी। घटना के दौरान गांव में भ्रम की स्थिति बनी रही, लेकिन अब हालात सामान्य हैं।
