गाजीपुर में 3 गोवंश के साथ 2 तस्कर गिरफ्तार, 2 पिकअप वाहन जब्त
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. जमानिया कोतवाली पुलिस ने सोमवार को गौ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने 3 गोवंश और 2 पिकअप वाहनों के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।
उपनिरीक्षक अश्वनी प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने हेतिमपुर पुलिया के पास चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर बहादुरपुर पुलिया के पास दबिश दी। इसी दौरान मनीष कुमार और अमित यादव को पकड़ा गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान वाराणसी के भगतुआ सरसौल थाना चौबेपुर निवासी मनीष कुमार (26) और गाजीपुर के बरवाँ थाना करण्डा निवासी अमित यादव (22) के रूप में हुई है। इनके कब्जे से दो गाय और एक बछड़ा सहित कुल 3 गोवंश बरामद किए गए। साथ ही, तस्करी में इस्तेमाल की जा रही दो पिकअप गाड़ियां भी जब्त की गईं।
पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के खिलाफ उत्तर प्रदेश गोवध निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
प्रभारी निरीक्षक रामसजन नागर ने बताया कि यह कार्रवाई गोवंश तस्करी और अवैध वध पर रोक लगाने के उद्देश्य से की गई है। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे अभियान भविष्य में भी जारी रहेंगे। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक अश्वनी प्रताप सिंह के साथ अन्य पुलिसकर्मी भी शामिल थे।
