Today Breaking News

गाजीपुर में दो ट्रकों की भिड़ंत, केबिन में फंसे चालक को कड़ी मशक्कत के बाद निकाला

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार और लापरवाही के चलते बालू से लदा एक ट्रक आगे चल रहे वाहन में पीछे से जा भिड़ा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया।
हादसा मरदह थाना क्षेत्र के डोडसर गांव के पास माइलस्टोन 297 पर हुआ। ट्रक चालक भोले (निवासी: बलेहर, संतकबीरनगर) बिहार से बालू लादकर अपने घर लौट रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रक की रफ्तार काफी तेज थी, जिससे चालक नियंत्रण खो बैठा और सामने चल रहे ट्रक में जा टकराया। हादसे के बाद ट्रक का केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक उसमें फंस गया। सूचना मिलते ही एक्सप्रेसवे की रेस्क्यू टीम और पुलिस मौके पर पहुंची। करीब कई घंटों की मशक्कत के बाद गैस कटर और हाइड्रोलिक मशीनों की मदद से केबिन को काटकर चालक को बाहर निकाला गया।

घायल चालक को तुरंत मऊ जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे के चलते कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा, लेकिन पेट्रोलिंग टीम ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात को जल्द ही सामान्य कर दिया।