गाजीपुर में दामाद ने ससुर पर सिलबट्टा से किया हमला, मौत
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. सैदपुर थाना क्षेत्र के ईशनपुर भितरी गांव में शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे दामाद ने अपने चचेरे ससुर को सिलबट्टा से पीट-पीटकर हत्या कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को मौके से हिरासत में ले लिया।
मृतक की पहचान मुमताज अंसारी (62) के रूप में हुई है। वाराणसी के जैतपुरा थाना क्षेत्र के सरैया गांव निवासी निजामुद्दीन की पत्नी जैनब पुत्री इम्तियाज अंसारी की 6 माह पहले मौत हो चुकी थी। उनके तीन छोटे बच्चे रिजवाना (6 वर्ष), नजमाना (4 वर्ष) और 13 माह का शाहनवाज ननिहाल में रह रहे थे।
निजामुद्दीन शुक्रवार को बच्चों को अपने साथ ले जाने के लिए ससुराल पहुंचा था। वह एक बच्चे को अपने साथ ले जाना चाहता था, लेकिन परिवार के लोगों ने मना कर दिया। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया।
आरोप है कि गुस्से में आकर निजामुद्दीन ने घर में रखे सिलबट्टा उठाकर मुमताज अंसारी पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक भितरी बाजार में साइकिल पंचर बनाने का काम कर परिवार का भरण-पोषण करते थे।
मृतक की पत्नी मैमून निशा की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों का आरोप है कि आरोपी शराब का आदी है और घटना के समय भी नशे में था। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई कर रही है।
