Today Breaking News

गाजीपुर में बेरोजगार युवक ने खुद को ऑडिट ऑफिसर बताकर रचाई शादी, डेढ़ करोड़ रुपए ठगने का आरोप, FIR दर्ज

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में खुद को सीनियर ऑडिट ऑफिसर बताकर महिला से शादी और करोड़ों रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। एमबीए शिक्षित एक युवती ने अपने पति और ससुराल वालों पर खुद की गलत पहचान बताकर शादी करने का आरोप लगाया है। पीड़िता के अनुसार, आरोपी शुभम सिंह और उसके पिता ने युवती के परिवार से करीब 1.5 करोड़ रुपए खर्च करवाए।
इसमें 81 लाख रुपए नकद और भारी मात्रा में सोना शामिल है। शादी के बाद जब खुलासा हुआ तो आरोपी बेरोजगार निकला। पीड़ित युवती के पिता ने बताया कि पैसे ऐंठने के लिए वह ऑफिशियल ऑडिट का नाटक करता था। इस जालसाजी और दहेज प्रताड़ना के खिलाफ हरियाणा के बल्लभगढ़ महिला थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है। पुलिस अब इस मामले की जांच कर रही है।

मामला करंडा थाना क्षेत्र के गोशनदेपुर करंडा का है। पीड़ित युवती ने बताया कि वह एमबीए पास है और उसका परिवार एक अच्छे रिश्ते की तलाश में था। इसी दौरान आरोपी शुभम सिंह और उसके परिवार से उनका संपर्क हुआ। शुभम गाजीपुर के जखनियां तहसील के शेखपुर गांव का रहने वाला है। उसके पिता अनिल कुमार सिंह एक सेवानिवृत्त बीडीओ (BDO) हैं।

शादी तय करते समय लड़के वालों ने दावा किया कि शुभम दिल्ली में 'सीनियर ऑडिट ऑफिसर' (CAG) के पद पर तैनात है। अच्छी पोस्ट और परिवार की बातों में आकर युवती के परिजन शादी के लिए तैयार हो गए।

29 अप्रैल 2025 को करंडा थाना क्षेत्र में दोनों की शादी हुई। पीड़ित पक्ष ने बताया कि इस पूरी शादी में लगभग 1.5 करोड़ रुपए खर्च हुए। इसमें से करीब 81 लाख रुपए नकद और ऑनलाइन ट्रांसफर के जरिए दिए गए। इसके अलावा भारी मात्रा में सोना, कीमती उपहार और अन्य सामान भी दहेज के रूप में दिया गया।

शादी के कुछ समय बाद ही युवती और उसके परिवार को शुभम पर शक हुआ। वह अक्सर ऑफिशियल ऑडिट का बहाना बनाकर पत्नी के साथ रहने से बचता था। वह बार-बार ड्यूटी का नाम लेकर बाहर चला जाता था। इसी बीच युवती के हाथ शुभम की व्हाट्सएप चैट लगी। जिससे सच्चाई सामने आ गई। पता चला कि शुभम कोई ऑफिसर नहीं, बल्कि पूरी तरह बेरोजगार है। उसे उसकी बहन घर खर्च के लिए पैसे भेजती थी।

युवती का आरोप है कि शादी के बाद भी अलग-अलग बहानों से उसके पिता से पैसे ऐंठे जाते रहे। जब पीड़िता ने विरोध किया। ऐसा करने पर उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। उसे दहेज के नाम पर लगातार पैसों की मांग की जाने लगी।

सच सामने आने पर पीड़िता ने पुलिस के पास शिकायत दर्ज कराई। इस मामले में हरियाणा के बल्लभगढ़ स्थित महिला थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है। पुलिस ने पति शुभम सिंह, ससुर अनिल कुमार सिंह और परिवार के अन्य सदस्यों के खिलाफ धोखाधड़ी, फ्रॉड, दहेज की मांग और प्रताड़ना जैसी गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है।

पीड़ित युवती के पिता ने बताया कि शादी में लगभग 1.5 करोड़ रुपए खर्च किए गए, जिसमें करीब 81 लाख रुपए नकद और ऑनलाइन माध्यम से दिए गए। इसके अतिरिक्त सोना, महंगे उपहार और अन्य कीमती सामान भी दिया गया।