Today Breaking News

गाजीपुर में पेड़ से टकराई कार, तीन घायल

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के मुहम्मदाबाद इलाके में राष्ट्रीय राजमार्ग 31 (NH-31) पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सलारपुर चट्टी के पास एक अनियंत्रित कार पेड़ से टकरा गई, जिससे कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार तीन लोग घायल हो गए।
घायलों की पहचान अलीगढ़ सिविल लाइन निवासी कार चालक दानिश (24), दिल्ली के भास्कर कंपाउंड निवासी हबीबुल्लाह (34) और आजमगढ़ निवासी सरजील उस्मानी (25) के रूप में हुई है। इनमें सरजील उस्मानी के सिर में गंभीर चोट आई है। ये सभी दिल्ली से अलीगढ़ होते हुए बिहार के जहानाबाद (काको) स्थित अपनी रिश्तेदारी में जा रहे थे।

हादसा सलारपुर चट्टी से पूरब रमन के पोखरा के पास हुआ। बताया जा रहा है कि एक लाइन में जाम होने के कारण कई ट्रक खड़े थे। कार चालक दूसरी ओर की चालू लाइन में निकलने का प्रयास कर रहा था, तभी कार अनियंत्रित होकर एक पेड़ से जा टकराई।

टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की रेस्क्यू टीम के सदस्य भी घटनास्थल पर पहुंच गए।

NHAI की रेस्क्यू टीम ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहन को थाना मुख्यालय परिसर पहुंचाया। पुलिसकर्मियों ने सुरक्षा व्यवस्था संभाली और घायलों को अपनी गाड़ी से कोटवा नारायणपुर होते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुहम्मदाबाद ले गए।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद, चिकित्सकों ने सरजील उस्मानी की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया।

इस दौरान राघवेंद्र सिंह, हरिमोहन पाठक, धर्मेंद्र कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी, होमगार्ड और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की रेस्क्यू टीम के सदस्य सक्रिय रहे।