गाजीपुर में तेज रफ्तार ट्रेलर हुआ अनियंत्रित, बड़ा हादसा टला
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के रेवतीपुर थाना क्षेत्र में शनिवार शाम एक बड़ा हादसा टल गया। ताड़ीघाट-बारा मार्ग (124 सी) पर एक तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे जा फंसा, जिससे मार्ग पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, गाजीपुर की ओर से आ रहा ट्रेलर रामवृक्ष का पूरा के पास अचानक बेकाबू हो गया। वाहन सड़क के दूसरी ओर मुड़ते हुए किनारे जा पहुंचा, जहां उसका इंजन फंस गया और डाला बीच सड़क पर ही रुक गया।
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि ट्रेलर काफी तेज गति में था, जिसके कारण चालक नियंत्रण खो बैठा। गनीमत रही कि इस घटना में चालक पूरी तरह सुरक्षित है। हालांकि, सड़क पर ट्रेलर के फंस जाने से कुछ समय के लिए आवागमन प्रभावित हुआ।
इस संबंध में जब रेवतीपुर थानाध्यक्ष राजू दिवाकर से संपर्क किया गया, तो उन्होंने बताया कि वे विभागीय कार्य से जनपद मुख्यालय में हैं और उन्हें घटना की जानकारी नहीं है।
फिलहाल, ग्रामीणों की सतर्कता और समय रहते वाहन के रुक जाने से एक बड़ी दुर्घटना टल गई। यह घटना तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों की ओर भी इशारा करती है।
