Today Breaking News

गाजीपुर में ससुर की हत्या में दामाद गिरफ्तार, बच्चे को साथ ले जाने की जिद पर हुआ विवाद

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. सैदपुर थाना क्षेत्र के इसनपुर गांव में 65 वर्षीय ससुर मुमताज की हत्या के आरोपी दामाद निजामुद्दीन को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी वाराणसी जनपद के जैतपुरा थाना अंतर्गत सरैया निवासी 37 वर्षीय निजामुद्दीन है। उसे शनिवार को गिरफ्तार कर न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार, मृतक मुमताज के भाई इम्तियाज की बेटी जैनब की शादी निजामुद्दीन से हुई थी। निजामुद्दीन पावर लूम चलाता था। लगभग दो साल पहले, जैनब की लंबी बीमारी और आर्थिक तंगी के कारण मौत हो गई थी। वह अपने पीछे 7 और 6 साल की दो बेटियों और एक 13 महीने के बेटे को छोड़ गई थी।

इम्तियाज ने बताया कि दामाद की नशे की आदत और गरीबी देखकर वह बच्चों को इशनपुर ले आए थे। इसके बाद से दामाद निजामुद्दीन 13 महीने के बेटे को अपने साथ ले जाने की जिद कर रहा था।

इस मामले में एक पंचायत हुई थी, जिसमें निजामुद्दीन की स्थिति और बच्चे की कम उम्र को देखते हुए उसे बच्चा देने से मना कर दिया गया था। इम्तियाज के अनुसार, इसी बात से गुस्सा होकर निजामुद्दीन ने घर में अकेले सो रहे उनके बड़े भाई मुमताज के सिर पर पत्थर का सील पटक कर उनकी हत्या कर दी।

इस मामले में मृतक मुमताज की पत्नी मैमून निशा की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है।