Today Breaking News

गाजीपुर में सपा विधायक के घर चोरी करने वाला गिरफ्तार, चना और रुपए बरामद

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में गहमर थाना पुलिस ने सपा विधायक ओम प्रकाश सिंह के घर हुई चोरी का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को भदौरा रेलवे स्टेशन के पास से उस समय पकड़ा, जब वह भागने की फिराक में था।
पुलिस के अनुसार, घटना 15 मार्च 2026 की भोर की है, जब विधायक के घर से चना चोरी किया गया था। इस मामले में 17 मार्च को आनंद राज सिंह ने तहरीर दी। जिसके बाद गहमर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत सेवराई चौकी पुलिस टीम गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी का आरोपी भदौरा रेलवे स्टेशन पर मौजूद है। सूचना पर उप निरीक्षक विपिन कुमार सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान सागर (19) पुत्र राधेश्याम कमकर, निवासी सेवराई थाना गहमर के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी के 1600 रुपए नगद बरामद हुए। साथ ही उसकी निशानदेही पर दो बोरियों में कुल 35.6 किलोग्राम चना भी बरामद किया गया।

पुलिस ने बताया कि इस संबंध में थाना गहमर में पहले से ही मुकदमा संख्या 33/2026 धारा 305ए बीएनएस के तहत मामला दर्ज है। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।