Today Breaking News

गाजीपुर में ट्रेलर ने बाइक को मारी टक्कर, महिला की मौत; चालक गंभीर घायल

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. मरदह थाना क्षेत्र के गोरखपुर-वाराणसी फोरलेन मार्ग पर मटेंहू चट्टी के पास शुक्रवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई। इस दुर्घटना में मोटरसाइकिल चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
यह हादसा शाम करीब 5 बजे हुआ, जब बिरनो गांव निवासी संजय राजभर (30) अपनी बहन साधना राजभर (32) पत्नी सुंदर राजभर के साथ मऊ से दवा कराकर अपने घर बिरनो लौट रहे थे। मटेंहू चट्टी पर मऊ से गाजीपुर की ओर जा रहे एक अनियंत्रित ट्रेलर ने उनकी मोटरसाइकिल को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया।

टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों भाई-बहन सड़क पर 7 फीट दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मरदह पहुंचाया गया। वहां चिकित्सक डॉ. अंगद यादव ने साधना राजभर को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल संजय राजभर को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष तारावती यादव ने बताया कि पुलिस टीम ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। पुलिस ने पुष्टि की है कि हादसे में एक युवती की मृत्यु हुई है और एक युवक घायल है। दुर्घटना करने वाले वाहन की तलाश की जा रही है और मामले में आगे की विधिक कार्यवाही जारी है।