गाजीपुर में जमीनी विवाद में भाई-बहन घायल, 7 पर केस दर्ज
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. सैदपुर थानाक्षेत्र के जगदीशपुर गांव में जमीनी विवाद को लेकर एक भाई-बहन घायल हो गए। उनकी मां ने इस संबंध में चार नामजद और तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है।
पीड़ितों की मां रीता देवी ने आरोप लगाया है कि हमला फावड़े और लाठी-डंडों से किया गया। रीता देवी पत्नी संतोष कुमार ने पुलिस को बताया कि जमीन को लेकर उनका पुराना विवाद चल रहा है। उन्होंने 27 फरवरी को ही कोतवाली में तहरीर देकर मनबढ़ों द्वारा किसी गंभीर घटना की आशंका जताई थी।
रीता देवी के अनुसार, उसी जमीनी विवाद के चलते सुरेश पुत्र बलिराम अपनी पत्नी लाखी, पुत्र मुकेश, बहू वंदना और तीन अज्ञात लोगों के साथ मौके पर आया और गाली-गलौज करने लगा।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी सुरेश के बेटे मुकेश ने उनके बेटे सूरज पर फावड़े से हमला कर उसे घायल कर दिया।
इसी दौरान, वंदना ने रीता देवी की बेटी मोनी कुमारी को लाठी से मारना शुरू कर दिया। इसके बाद सभी आरोपियों ने मोनी के बाल पकड़कर उसे जमीन पर पटक दिया और पीटने लगे।
रीता देवी ने यह भी आरोप लगाया कि मुकेश उनके इकलौते बेटे सूरज को बार-बार जान से मारने की धमकी दे रहा है, ताकि वे जमीन हड़प सकें। घटना के बाद पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा।
इस मामले में प्रभारी निरीक्षक सैदपुर वीरेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि चार नामजद और तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई करेगी।
