गाजीपुर में घरेलू सिलेंडर डिलीवरी अब OTP सत्यापन से होगी: डीएम
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में जिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को गैस एजेंसी और पेट्रोल पंप प्रतिनिधियों की बैठक हुई। बैठक का मुख्य उद्देश्य गैस वितरण में पारदर्शिता लाना और कालाबाजारी रोकना था।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि अब घरेलू गैस सिलेंडर की डिलीवरी केवल ओटीपी सत्यापन के बाद सीधे उपभोक्ता के घर पर ही की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति में लापरवाही या अनियमितता मिलने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
तेल कंपनियों के प्रतिनिधियों ने बताया कि शहरी क्षेत्रों में नई रीफिल की बुकिंग पिछली बुकिंग के 26वें दिन, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में 46वें दिन से शुरू होती है। बुकिंग के बाद उपभोक्ता को प्राप्त ओटीपी हॉकर को बताने पर ही गैस सिलेंडर की डिलीवरी की जाएगी।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि जिसने पहले बुकिंग कराई है, उसे प्राथमिकता के आधार पर सिलेंडर उपलब्ध कराया जाए। इसके अतिरिक्त, अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों को वाणिज्यिक सिलेंडर प्राथमिकता पर दिए जाएं।
जिलाधिकारी ने सभी गैस एजेंसियों को अपनी दुकानों पर सूचना बोर्ड लगाने का आदेश दिया। इन बोर्डों पर ओटीपी आधारित डिलीवरी व्यवस्था, बुकिंग नियम और डिलीवरी की समय सीमा स्पष्ट रूप से अंकित होनी चाहिए, ताकि उपभोक्ताओं में कोई भ्रम न रहे। बिना ओटीपी मिलान के सिलेंडर का वितरण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
जिलाधिकारी ने नागरिकों से अपील की कि वे गैस की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें, क्योंकि जिले में एलपीजी गैस की आपूर्ति सामान्य है।
