गाजीपुर के रेल ट्रैक पर मिला युवक का शव, चलती ट्रेन से गिरने की आशंका
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के गहमर स्टेशन के पास पंडित दीनदयाल उपाध्याय-बक्सर रेल लाइन पर शुक्रवार रात एक युवक का शव मिला। युवक की पहचान कटिहार, बिहार निवासी बैजू किस्कू (25) के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आशंका जताई है कि युवक चलती ट्रेन से गिर गया होगा।
प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि गहमर स्थित ढ़ढ़ियाहर बस्ती के पास अप लाइन की पटरी पर रेलवे के ट्रैक मैन ने शुक्रवार रात युवक का शव देखा। ट्रैक मैन ने इसकी सूचना तत्काल स्टेशन मास्टर को दी, जिन्होंने मेमो के जरिए कोतवाली पुलिस को सूचित किया।
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव की तलाशी ली। मृतक की जेब से बैजू किस्कू पुत्र तालु किस्कू, निवासी गांव विशनपुर रामपुर (विशनपुर हरियाभीर), कटिहार, बिहार का आधार कार्ड और एक मोबाइल फोन मिला। पुलिस ने मोबाइल नंबर के आधार पर परिजनों को घटना की जानकारी दी।
प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह हादसा चलती ट्रेन से गिरने के कारण हुआ प्रतीत होता है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और विस्तृत छानबीन के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
