गाजीपुर में युवकों का हुड़दंग, राहगीरों के कपड़े फाड़े, वाहनों पर फेंका कचरा
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर-आजमगढ़ हाईवे पर स्थित दुल्लहपुर बाजार में होली के दिन कुछ युवकों ने जमकर हुड़दंग मचाया। 50 से अधिक युवकों के एक समूह ने राहगीरों और वाहन चालकों को परेशान किया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक तेज आवाज में होली गीत बजाते हुए अर्धनग्न अवस्था में सड़क पर नाच रहे थे। उन्होंने हाईवे से गुजरने वाले राहगीरों के साथ अभद्र व्यवहार किया। कई लोगों के कपड़े फाड़ दिए गए और कारों व अन्य वाहनों पर मिट्टी तथा कचरा फेंका गया, जिससे यात्रियों में दहशत फैल गई।
इस हुड़दंग के कारण हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। कुछ वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करना पड़ा। स्थानीय दुकानदारों ने भी इस स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसी हरकतों से बाजार की छवि खराब होती है।
क्षेत्रीय लोगों ने प्रशासन से भविष्य में ऐसे तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। दुल्लहपुर के थानाध्यक्ष वागीश विक्रम सिंह ने बताया कि उन्हें इस मामले की जानकारी नहीं है, लेकिन उन्होंने जांच के बाद उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
