गाजीपुर में पुलिस पर हमला, 8 महिला समेत कई आरोपी गिरफ्तार
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के रामपुर मांझा थाना क्षेत्र के तरांव गांव में नौकरी के बकाया भुगतान को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। इस दौरान पुलिस टीम पर भी हमला किया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 8 महिलाओं सहित कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
प्रदीप सिंह ने नजीर अली की नौकरी बेंगलुरु की एक निजी कंपनी में लगवाई थी। कुछ समय बाद कंपनी ने नजीर अली को हटा दिया। इसके बाद नजीर अली ने कंपनी में किए गए काम का बकाया भुगतान प्रदीप सिंह से मांगना शुरू कर दिया।
प्रदीप सिंह ने नजीर अली को भुगतान कंपनी से लेने की बात कही, जिसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी हुई। यह कहासुनी जल्द ही मारपीट में बदल गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। आरोप है कि नजीर अली पक्ष के 10 से 15 लोगों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। पुलिस ने संयम बरतते हुए स्थिति को नियंत्रित किया और मौके से सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
क्षेत्राधिकारी सिटी शेखर सेंगर ने बताया कि इस प्रकरण में गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात कर शांति व्यवस्था कायम कर दी गई है। 8 महिलाओं को भी 4 मार्च 2026 को पुलिस ने गिरफ्तार किया। भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं एवं आपराधिक कानून संशोधन अधिनियम के तहत दर्ज इस मुकदमे में नामजद आरोपी लंबे समय से फरार थीं।
पुलिस ने दबिश देकर सभी को हिरासत में लिया। अधिकारियों के अनुसार, मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है और गांव में फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। हालांकि, एहतियात के तौर पर पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है।
