गाजीपुर में ट्रेन की चपेट में आया अधेड़, मौत
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. सादात से माहपुर रेलवे स्टेशन के बीच ग्राम कटयां के पास बुधवार को एक ट्रेन हादसे में 60 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। सवास गांव निवासी पुदीना राजभर पुत्र स्व. शिवपूजन राजभर सीतामढ़ी से आनंद विहार जा रही लिच्छवी एक्सप्रेस की चपेट में आ गए। यह घटना रेल पटरी किनारे बकरी चराते समय हुई।
ग्रामीणों की सूचना पर सादात पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल को सैदपुर कोतवाली क्षेत्र का बताया। सादात के एसओ धर्मेंद्र कुमार पाण्डेय ने सैदपुर पुलिस को घटना की जानकारी दी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले में अग्रिम कार्रवाई कर रही है।
मृतक पुदीना राजभर की कोई संतान नहीं थी और उन्होंने अपने भाई के पुत्र विवेक को गोद लिया था। हादसे की खबर मिलने के बाद उनकी पत्नी सुभावती देवी और परिवार के अन्य सदस्यों का बुरा हाल है।
