Today Breaking News

गाजीपुर में स्कार्पियो ने बाइक सवारों को मारी टक्कर, दो घायल, चालक फरार

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के सेवराई तहसील अंतर्गत गहमर कोतवाली क्षेत्र में नेशनल हाईवे 124 सी पर एक तेज रफ्तार स्कार्पियो ने मोटरसाइकिल सवार दो लोगों को टक्कर मार दी। इस हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, मोहम्मदाबाद निवासी एहमजाद रहमतुल्लाह (41) पुत्र नेमतुल्लाह और इम्तियाज (40) पुत्र राजा किसी काम से गहमर आए थे। वे भदौरा की ओर जा रहे थे, तभी फकीरपुर के पास विपरीत दिशा से आ रही स्कार्पियो ने उनकी मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वहीं गंभीर रूप से लहूलुहान होकर छटपटाने लगे। घटना के बाद स्कार्पियो चालक मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और एंबुलेंस की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भदौरा पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

गहमर कोतवाल प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को इलाज के लिए भेजा गया है। क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल को कब्जे में ले लिया गया है और मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।