गाजीपुर में नशे में धुत चालक ने मारी टक्कर, चालक वाराणसी रेफर
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर जिले के सादात थाना क्षेत्र स्थित मखदुमपुर बाजार में एक सड़क दुर्घटना में एक कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। बेकाबू कार ने सड़क किनारे खड़ी दूसरी कार को पीछे से टक्कर मार दी। घायल चालक को प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी रेफर किया गया है।
यह घटना उस समय हुई जब बहरियाबाद की तरफ से आ रही एक कार ने सड़क किनारे खड़ी एक अन्य कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर मारने वाली कार के चालक को सिर में गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से उसे मखदुमपुर बाजार के एक निजी चिकित्सक के पास ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी रेफर कर दिया गया।
टक्कर मारने वाली कार सुषमा यादव पत्नी रवि यादव, निवासी मुबारकपुर, पोस्ट कनेरी, जनपद गाजीपुर के नाम पंजीकृत है। इसे बेगूसराय, बिहार निवासी रवीश पुत्र सुमिरन राय चला रहे थे। वहीं, सड़क किनारे खड़ी दूसरी कार गौरव गुप्ता, निवासी चुरामनपुर, मनिहारी, गाजीपुर के नाम पंजीकृत है, जिसे शुभम गुप्ता चला रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक्सप्रेसो कार के चालक रवीश कुमार नशे में धुत थे। पुलिस प्रशासन ने भी इस बात की पुष्टि की है।
मखदुमपुर चौकी प्रभारी पुनीत कुमार ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त दोनों कारों को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। इस मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
