Today Breaking News

गाजीपुर में कार की टक्कर से दो की मौत, होमगार्ड और युवक ने गंवाई जान

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. वाराणसी-गोरखपुर फोर लेन पर सोमवार रात एक तेज रफ्तार कार की टक्कर से साइकिल और मोटरसाइकिल सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा जंगीपुर थाना क्षेत्र में हुआ।
मृतकों की पहचान होमगार्ड प्रमोद कुमार यादव (58) और राजन प्रजापति (29) के रूप में हुई है। प्रमोद कुमार यादव अपनी ड्यूटी पर जा रहे थे, जबकि राजन प्रजापति अपने ससुराल से घर लौट रहे थे।

पुलिस के अनुसार, तेज रफ्तार कार ने दोनों को पीछे से टक्कर मारी। टक्कर इतनी भीषण थी कि प्रमोद यादव का शरीर गंभीर रूप से क्षत-विक्षत हो गया। राजन प्रजापति को भी गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी मौत हो गई। टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर एक पेड़ से टकरा गई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।


स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। कार में सवार दो घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

थाना प्रभारी एसपी पांडेय ने बताया कि दोनों शवों को मर्चरी हाउस भेज दिया गया है और वाहन को कब्जे में लेकर उचित कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।