Today Breaking News

गाजीपुर में महिलाओं से छेड़छाड़ का आरोपी गिरफ्तार

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं और बालिकाओं से छेड़छाड़ करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। यह घटना मंगलवार को गहमर थाना क्षेत्र के संतरामगंज बाजार, भदौरा में नहर पुलिया यूनियन बैंक के पास हुई।
पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति बाजार में आने-जाने वाली महिलाओं और बालिकाओं को देखकर अश्लील बातें बोल रहा था और गंदे इशारे कर रहा था। उसकी इस हरकत से बाजार में मौजूद महिलाएं और बालिकाएं असहज महसूस कर रही थीं।

सूचना पर उपनिरीक्षक विनोद कुमार पाण्डेय अपनी टीम, जिसमें हेड कांस्टेबल संजय कुमार सिंह, कांस्टेबल सतीश कुमार और कांस्टेबल कृष्ण कुमार शामिल थे, के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने आरोपी को नहर पुलिया यूनियन बैंक के पास घेरकर पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम विशाल राम (उम्र करीब 24 वर्ष), पुत्र स्वर्गीय कुसहर राम, निवासी ग्राम मदनपुर उर्फ प्रतापपुर, थाना करण्डा, जनपद गाजीपुर बताया। उसने अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगी और छोड़ने का अनुरोध किया। आरोपी को दोपहर 3:15 बजे गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से पहने हुए कपड़ों के अलावा कुछ भी बरामद नहीं हुआ। गिरफ्तारी के दौरान माननीय सर्वोच्च न्यायालय और राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के निर्देशों का पालन किया गया।

गिरफ्तारी के समय मौके पर कई राहगीर इकट्ठा हो गए थे, लेकिन गवाही देने के लिए कहने पर वे हट गए। गिरफ्तारी की सूचना अभियुक्त के साढू संजय डोम पुत्र चैत राम, निवासी उसिया, थाना दिलदारनगर को दी गई। फर्द मौके पर उपनिरीक्षक द्वारा स्वयं लिखकर तैयार की गई और उसकी एक प्रति अभियुक्त को भी दी गई।