गाजीपुर में हत्याकांड का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, तीन आरोपी फरार
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर जिले के जमानियां सर्किल अंतर्गत नगसर हाल्ट थाना पुलिस ने बहुचर्चित गगरन गाँव निवासी गुलशन गुप्ता आत्महत्या प्रकरण में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मंगलवार को मामले के मुख्य वांछित आरोपी मनोज कुमार पासवान (36) को गिरफ्तार कर लिया है।
न्यायालय ने उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इस मामले में तीन अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं।
पुलिस ने मंगलवार को आरोपी मनोज कुमार पासवान को उसके गांव के गेट के समीप घेराबंदी कर दबोचा। वह उस समय सड़क किनारे खड़ा था और फरार होने की फिराक में था।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी को थाने ले आई। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया और मेडिकल परीक्षण के उपरांत उसका चालान कर न्यायालय में पेश किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए न्यायालय ने आरोपी को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जिला कारागार भेजने का आदेश दिया।
गौरतलब है कि 22 वर्षीय गुलशन गुप्ता का शव बीते 10 मार्च को असांव गांव स्थित उसके एक मित्र के घर में फंदे से लटका हुआ मिला था। घटना के बाद मृतक के छोटे भाई संजीव ने एक महिला सहित चार लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज कराया था।
परिजनों का आरोप है कि आरोपी गुलशन को झूठे छेड़छाड़ और दुष्कर्म जैसे गंभीर मुकदमे में फंसाने की धमकी दे रहे थे। साथ ही, उससे पांच लाख रुपये की मांग भी की जा रही थी। लगातार दबाव और मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर ही गुलशन ने यह आत्मघाती कदम उठाया था।
थानाध्यक्ष ओमप्रकाश ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी में उपनिरीक्षक निरंकार प्रसाद और उनकी टीम की अहम भूमिका रही। उन्होंने पुष्टि की कि आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। शेष फरार आरोपियों की तलाश तेजी से जारी है और उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
