गाजीपुर में जनगणना प्रगणकों-सुपरवाइजरों को दिया प्रशिक्षण
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर जिले के जमानियां क्षेत्र में भारत की प्रस्तावित जनगणना 2027 के प्रथम चरण का प्रशिक्षण कार्यक्रम मंगलवार को शुरू हुआ। इसमें मकान सूचीकरण और मकानों की गणना पर जोर दिया गया।
यह प्रशिक्षण स्थानीय इंटर कॉलेज और पंचायत भवन के सभागार में एक साथ आयोजित किया गया। इसमें बड़ी संख्या में प्रगणकों और सुपरवाइजरों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।
प्रशिक्षण सत्र का संचालन प्रशिक्षकों सतीश कुमार सिंह, लोकेश कुमार और शुभ नारायण ने किया। प्रमुख जनगणना परिवेक्षक अधिकारियों ने पूरे कार्यक्रम की निगरानी की।
अधिकारियों ने बताया कि इस बार जनगणना प्रक्रिया को पूरी तरह डिजिटल बनाया जा रहा है। इससे कार्य की गति और डेटा की सटीकता में सुधार होगा।
प्रगणकों को विशेष रूप से एचएलओ (हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन) मोबाइल ऐप के उपयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
इस ऐप के माध्यम से वे घर-घर जाकर मकान का प्रकार, स्थिति, परिवार के सदस्यों की संख्या, पेयजल, बिजली जैसी मूलभूत सुविधाएं, मकान की फोटो और जीपीएस लोकेशन टैगिंग जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां एकत्र करेंगे।
जीपीएस आधारित प्रणाली के कारण किसी भी घर के छूटने की संभावना न्यूनतम हो जाएगी, जिससे आंकड़ों की विश्वसनीयता और पारदर्शिता सुनिश्चित होगी।
तीन दिवसीय इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रगणकों और सुपरवाइजरों को जनगणना कार्य की बारीकियों से विस्तारपूर्वक परिचित कराया गया। प्रशिक्षकों ने उन्हें निष्पक्षता, सटीकता और गोपनीयता के सिद्धांतों का पालन करने की शपथ दिलाई।
प्रतिभागियों ने संकल्प लिया कि वे प्रत्येक घर तक पहुंचकर सही एवं पूर्ण जानकारी एकत्र करेंगे और किसी भी परिवार को गणना से वंचित नहीं रहने देंगे।
प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद सभी प्रगणक अपने-अपने निर्धारित क्षेत्रों में जाकर मकान सूचीकरण का कार्य प्रारंभ करेंगे। यह चरण जनगणना की आधारशिला माना जाता है, जो आगे की जनसंख्या गणना के लिए महत्वपूर्ण डेटा प्रदान करेगा।
इस अवसर पर एडीओ (आरडी) रामभवन, एडीओ (एसटी) संतोष यादव, प्रधानाचार्य संतोष राय, राकेश राय (कानूनगो), लेखपाल अफजाल, मुख्तार, वसीम, अभिषेक कुमार, मुकेश, अमित, शमशेर सहित अन्य अधिकारी, प्रशिक्षक और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
