Today Breaking News

ब्रह्मपुत्र मेल में सीट को लेकर युवक पर चाकू से हमला, चलती ट्रेन से कूदकर हमलावर फरार - Ghazipur News

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. नई दिल्ली से डिब्रूगढ़ जा रही ब्रह्मपुत्र मेल में शुक्रवार को एक युवक पर चाकू से हमला किया गया। इस घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद ट्रेन में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, आशीष कुमार (25) पुत्र महेश, निवासी बेलसिरा, थाना कजरेली, जिला भागलपुर (बिहार) अपने साथियों खुशबू, विशाल और संजीव के साथ दिल्ली से अपने गांव लौट रहे थे।

ट्रेन जैसे ही पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पहुंची, उसी दौरान सीट को लेकर एक अज्ञात यात्री से उनकी कहासुनी हो गई। देखते ही देखते यह विवाद बढ़ गया। आरोप है कि अज्ञात यात्री ने आशीष पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गया। हमलावर चलती ट्रेन से कूदकर फरार हो गया।

इस घटना से ट्रेन में हड़कंप मच गया। ट्रेन के दिलदारनगर रेलवे स्टेशन पहुंचने पर, वहां मौजूद जीआरपी और आरपीएफ के जवानों ने घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भदौरा में भर्ती कराया।

चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद आशीष की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जिला चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।