Today Breaking News

गाजीपुर में पुलिस ने व्यक्ति को पेड़ पर फांसी लगाने से रोका

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर जनपद के शादियाबाद थाना क्षेत्र में पुलिस की तत्परता से एक अधेड़ व्यक्ति की जान बचा ली गई। शुक्रवार को आत्महत्या का प्रयास कर रहे व्यक्ति को पुलिस ने समय रहते रोक लिया, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई।
सरायगोविन्द (भिटवा) गांव निवासी राजनाथ सिंह यादव (39) पुत्र स्वर्गीय सामा यादव पिछले कुछ समय से राजस्व विभाग और पुलिस प्रशासन पर कथित रूप से नियम विरुद्ध कार्य कराने का दबाव बना रहे थे। जानकारी के अनुसार, उन्होंने 16 अप्रैल 2026 को जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या करने की धमकी दी थी।

इसके बाद भी मामला शांत नहीं हुआ और 17 अप्रैल को राजनाथ सिंह यादव ने गांव के बाहर एक नीम के पेड़ पर रस्सी बांधकर फांसी लगाने का प्रयास किया। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पवन कुमार उपाध्याय के निर्देश पर शादियाबाद पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची।

पुलिसकर्मियों ने सूझबूझ और धैर्य का परिचय देते हुए व्यक्ति को समझाया और सुरक्षित तरीके से पेड़ से नीचे उतारा। पुलिस की समय पर कार्रवाई से एक व्यक्ति की जान बच गई और गांव में किसी भी अप्रिय स्थिति को टाल दिया गया।

थाना प्रभारी पवन कुमार उपाध्याय ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170, 126 और 135 के तहत विधिक कार्रवाई की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी व्यक्ति को कानून अपने हाथ में लेने या प्रशासन पर अनुचित दबाव बनाने की अनुमति नहीं दी जा सकती।