गाजीपुर में छुट्टी पर घर आए पीएसी जवान पर हमला, हालत गंम्भीर; चार नामजद
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर जिले के रेवतीपुर थाना क्षेत्र के अठहठा गांव में शुक्रवार को पीएसी के एक जवान पर जानलेवा हमला किया गया। हमलावरों ने जवान के चेहरे पर ब्लेड से वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, अठहठा निवासी अमरनाथ यादव (लगभग 58 वर्ष) पीएसी की 42वीं बटालियन में तैनात हैं और इन दिनों अवकाश पर अपने घर आए हुए थे। उनका गांव के ही कुछ लोगों से जमीनी विवाद चल रहा है। इसी विवाद के चलते शुक्रवार को चार आरोपी उनके डेरे पर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए धमकी देने लगे।
परिजनों ने बताया कि जब अमरनाथ यादव ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया और उनके चेहरे पर ब्लेड से वार किया। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए, जबकि घायल जवान खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़ा।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल जवान को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रेवतीपुर में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पीड़ित की लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने गांव के ही चार लोगों जयप्रकाश, श्रवण, नितीश और अनुराग के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है।
प्रभारी निरीक्षक राजू दिवाकर ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि सभी वांछित आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
