Today Breaking News

गाजीपुर में बाइक-स्कूटी भिड़ंत, मां-बेटी समेत चार घायल, दो गंभीर

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. कटघरा बाजार में एक मोटरसाइकिल और स्कूटी की जोरदार टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में स्कूटी सवार मां-बेटी गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि मोटरसाइकिल सवार एक युवक को हल्की चोटें आईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शादियाबाद से मेला देखकर लौट रही सहेड़ी निवासी मां-बेटी की स्कूटी कटघरा बाजार में सिरगिथा की ओर से आ रही स्प्लेंडर बाइक से टकरा गई। इसी दौरान, सड़क किनारे खड़े कटघरा गांव निवासी प्रदीप सिंह को भी स्प्लेंडर सवार ने टक्कर मार दी, जिससे उन्हें भी चोटें आईं। प्रदीप सिंह का इलाज उनके घर पर चल रहा है।

इस हादसे में कुल चार लोग घायल हुए हैं। स्कूटी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घायल मां-बेटी का इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है।

दुकानदारों ने बताया कि गनीमत रही कि सड़क पर और कोई नहीं था, वरना कई लोग घायल हो सकते थे। स्प्लेंडर और स्कूटी की टक्कर कैसे हुई, यह कोई नहीं बता पा रहा, लेकिन खाली सड़क पर अचानक यह हादसा हो गया। बताया गया कि स्कूटी सवार मां-बेटी सहेड़ी गांव की रहने वाली हैं, जबकि स्प्लेंडर सवार युवक बरौली में किसी रिश्तेदार के घर आया हुआ था।