सिरफिरे प्रेमी के एक मैसेज ने दो जिंदगियां छीन ली, मंगेतर ने दी जान तो युवती ने भी खाया जहर
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, उन्नाव. उन्नाव में वाट्सएप मैसेज के कारण लड़का और लड़की ने सुसाइड कर लिया। 16 फरवरी को दोनों की इंगेजमेंट हुई थी। बताया जा रहा है कि लड़की के प्रेमी ने एक सप्ताह पहले होने वाले पति के फोन पर कुछ फोटो-वीडियो भेजे थे, जिसके बाद दोनों में इसको लेकर झगड़ा चल रहा था।
गुरुवार को दोपहर में युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी। लड़के की मौत की सूचना जैसे ही लड़की के घर पहुंची तो वह पिता के साथ मंगेतर के घर पहुंच गई। यहां महिलाओं ने उसे ताने दिए और मौत का जिम्मेदार ठहराया। घर लौटकर देर रात लड़की ने भी जहर खाकर जान दे दी। पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पूरा मामला अचलगंज थाना क्षेत्र का है। गौरी गांव के रहने वाले महेश और उनकी पत्नी शिक्षामित्र हैं। घर में बेटे सूरज उर्फ भोला (25) के अलावा एक छोटा बेटा और बेटी हैं। सूरज बीएससी और आईटीआई करने के बाद गांव में रहकर खेती-किसानी कर रहा था।
वहीं राजापुर गांव के रहने वाले संतोष की बेटी कोमल (23) 12वीं तक पढ़ाई करने के बाद घर पर सिलाई-कढ़ाई का काम करती थी। दो छोटी बहन काजल-सुनैना और एक छोटा भाई शिवम हैं। सूरज और कोमल के गांव की दूरी करीब 10 किमी है। 16 फरवरी को घर वालों की मर्जी से सूरज की इंगेजमेंट कोमल के साथ हुई थी। नवंबर में शादी की तैयारी थी। दोनों परिवार शादी की तैयारियों में जुटे हुए थे। इंगेजमेंट के बाद से दोनों में फोन पर बातचीत होती थी। नवंबर में शादी करने की तैयारी थी। सब कुछ सही चल रहा था तभी करीब एक सप्ताह पहले सूरज के व्हाट्सएप नंबर पर कुछ अश्लील मैसेज आए थे।
मैसेज करने वाले ने खुद को कोमल का प्रेमी बताया था और शादी तोड़ने का दबाव बना रहा था। इन मैसेज के बाद सूरज ने कोमल से इसके बारे में पूछा तो दोनों के बीच झगड़ा हो गया। घर वालों को भी इसकी जानकारी हो गई और सभी लोग मामले को सुलझाने में लगे हुए थे। फोटो-वीडियो देखने के बाद से सूरज काफी तनाव में था। गुरुवार को उसने कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। घटना की जानकारी कोमल के घर पहुंची तो पिता के साथ वह सूरज के घर आई थी। यहां घर और गांव वालों ने उसे बुरा-भला कहा और बेटे की मौत का जिम्मेदार बताया। इसके बाद पिता-पुत्री अपने घर लौट गए।
![]() |
| यह तस्वीर कोमल और सूरज की इंगेजमेंट की है। घर वालों का कहना है कि दोनों ही शादी से खुश थे। |
घर पहुंचने के बाद कोमल गहरे सदमे में चली गई। रात करीब 11 बजे उसने जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर घर वालों को जानकारी हुई तो एक निजी अस्पताल में लेकर गए। यहां इलाज के दौरान देर रात करीब 1 बजे उसकी मौत हो गई।
कोमल के पिता संतोष ने बताया कि गुरुवार सुबह सूरज ने परिवार में हुए किसी विवाद के बाद अपने ही घर में फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली थी। जानकारी मिलने पर मैं सूरज के घर जा रहा था। कोमल ने भी साथ चलने की जिद की तो उसे भी ले गए।
वहां मौजूद महिलाओं ने कोमल को सूरज की मौत का जिम्मेदार ठहराते हुए उसे भला-बुरा कहा था। यह बात उसके दिल पर लग गई। कुछ देर में बेटी को लेकर घर आ गए। हम लोग सोने की तैयारी कर रहे थे तभी कोमल को उल्टियां होने लगीं। हम लोग तुरंत उसे अस्पताल लेकर गए, यहां उसकी मौत हो गई। पिता के अनुसार तानों से आहत होकर कोमल ने जान दी है।
अचलगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मृतक सूरज के मोबाइल को जब्त कर लिया है और उसमें आए व्हाट्सएप मैसेज की जांच शुरू कर दी है।
इंस्पेक्टर अचलगंज बृजेश शुक्ला ने बताया कि युवक ने फांसी लगाई थी। उसके बाद युवती ने जहर खाकर जान दी है। दोनों पक्षों से कोई तहरीर नहीं मिली है। दोनों के शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है, जांच की जा रही है।

