Today Breaking News

गाजीपुर में इनकम टैक्स-जीएसटी अधिकारी बनकर कर रहे थे वसूली, महिला समेत सात गिरफ्तार

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. शादियाबाद कस्बे में गुरुवार शाम खुद को आयकर और जीएसटी विभाग के अधिकारी बताकर व्यापारियों से अवैध वसूली कर रहे एक फर्जी गिरोह का स्थानीय लोगों ने पर्दाफाश किया। ग्रामीणों की सतर्कता से एक महिला समेत सात लोगों को मौके से पकड़ा गया, जबकि गिरोह का सरगना भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर उनकी गाड़ी जब्त कर ली।
जानकारी के अनुसार, यह गिरोह एक चारपहिया वाहन से कस्बे में पहुंचा था। गिरोह के सदस्य व्यापारियों को अपने परिचय पत्र दिखाकर खुद को लखनऊ से आए विभागीय अधिकारी बता रहे थे और उनसे पैसे वसूलने का प्रयास कर रहे थे।

सबसे पहले गिरोह ने सीताराम किराना स्टोर को निशाना बनाया। आरोप है कि आरोपियों ने दुकानदार से 50 हजार रुपये की मांग की और काफी मिन्नतों के बाद 10 हजार रुपये लेकर आगे बढ़ गए। इसके बाद गिरोह ने मूरत प्रजापति की दुकान से 3 हजार रुपये वसूल किए। तीसरे चरण में ये लोग श्रीनिवास किराना स्टोर पहुंचे और यहां 30 हजार रुपये की मांग करने लगे।

श्रीनिवास किराना स्टोर पर आरोपियों की कार्यप्रणाली और उनके बयानों में विरोधाभास देखकर लोगों को संदेह हुआ। पूछताछ के दौरान उनके जवाब लगातार बदलते रहे, जिसके बाद आसपास के लोग इकट्ठा होने लगे। भीड़ बढ़ती देख आरोपियों में हड़कंप मच गया। इसी दौरान गिरोह का सरगना सरस गुप्ता पीछे के रास्ते से भागने में सफल रहा।

शादियाबाद थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सात लोगों को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनिल कुमार (चोलापुर, वाराणसी), सदानंद प्रसाद (सादात), प्रमोद कुमार (युसुफपुर, मुहम्मदाबाद), रवि पटेल (लहरतारा, वाराणसी), देवा पटेल (सुल्तानपुर, शिवपुर, वाराणसी), संकेत गुप्ता (मुहम्मदाबाद) और सुशीला गुप्ता (युसुफपुर, मुहम्मदाबाद, महिला) के रूप में हुई है। पुलिस ने उनकी गाड़ी भी जब्त कर ली है।

सीताराम किराना स्टोर के मालिक की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस फरार सरगना सरस गुप्ता की तलाश में जुट गई है।