गाजीपुर में मंदिर पोखरे में तीन कुंतल मछलियां मरी मिलीं, ग्रामीणों ने बाहर निकाला
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. विकासखंड बारहचवर के ताजपुर शिव पोखरे में बड़ी संख्या में मछलियां मृत पाई गईं। ग्रामीणों के अनुसार, लगभग तीन कुंतल मछलियां ऑक्सीजन की कमी के कारण मरी हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पूरे गांव के ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए। उन्होंने तालाब से मरी हुई मछलियों को बाहर निकाला और एक सुरक्षित स्थान पर गड्ढा खोदकर मिट्टी में दफना दिया।
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम ने मौके पर मौजूद युवा समाजसेवी प्रेमचंद्र पत्रु से बात की। पत्रु ने बताया कि करीब तीन कुंतल मछलियां मरी हैं, जिन्हें दफनाया जा रहा है। उन्होंने पुष्टि की कि मछलियों की मौत ऑक्सीजन की कमी के कारण हुई है।
प्रेमचंद्र पत्रु ने यह भी बताया कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए पोखर में चूना और दवाइयों का छिड़काव करवाया जा रहा है।
