Ghazipur News: गंगा में डूबे चाय विक्रेता का शव नहीं मिला, रेस्क्यू बोट से कई घंटों तक तलाश
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गहमर कोतवाली क्षेत्र के गहमर गांव निवासी चाय विक्रेता श्याम नारायण उर्फ रिंकू गुप्ता (40) का शव घटना के चौथे दिन बुधवार को भी बरामद नहीं हो सका। रिंकू गुप्ता गंगा में स्नान के दौरान डूब गए थे। उनकी तलाश में प्रशासन और स्थानीय स्तर पर लगातार खोजबीन जारी है, लेकिन अभी तक सफलता नहीं मिली है।
बुधवार को वाराणसी से पहुंची पीएससी (प्रांतीय सशस्त्र बल) टीम ने इन्फ्लेटेबल रेस्क्यू बोट का उपयोग कर नदी में कई घंटों तक सघन तलाशी अभियान चलाया। सफलता न मिलने पर टीम ने कांटा डालकर भी शव की तलाश की। गहमर कोतवाल प्रमोद कुमार सिंह के नेतृत्व में स्थानीय गोताखोरों की मदद से भी लगातार प्रयास किए गए। हालांकि, देर शाम तक रिंकू गुप्ता का कोई सुराग नहीं मिल सका। कोतवाल प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि गंगा स्नान के दौरान रिंकू गुप्ता के डूबने की सूचना मिली थी। उन्होंने पुष्टि की कि लगातार चौथे दिन भी पीएससी टीम द्वारा खोजबीन की गई, लेकिन अभी तक कोई सफलता नहीं मिली है। कोतवाल ने यह भी बताया कि शव की तलाश के प्रयास आगे भी जारी रहेंगे।
