Today Breaking News

गाजीपुर में 600 रुपए के लिए दोस्त ने दोस्त पर धारदार हथियार से किया हमला, केस दर्ज

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में एक दोस्त ने 600 रुपए के लिए दूसरे दोस्त पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस हमले में रौनक वर्मा घायल हो गया। उसका अस्पताल में इलाज जारी है। फिलहाल, पुलिस में आरोपी दोस्त के खिलाफ तहरीर दी गई है।
भीमापार क्षेत्र के जगदीशपुर गांव में रौनक वर्मा अपने परिवार के साथ रहता है। वह वाराणसी में नौकरी करता है। कुछ समय पहले रौनक ने अपने दोस्त से 600 रुपए उधार लिए थे। सोमवार सुबह रौनक गांव के पोखरे के किनारे टहलने निकला था।

इसी समय आरोपी दोस्त रौनक के पास पहुंचा और उधार दिए गए रुपए वापस मांगने लगा। रौनक ने कहा कि वह एक-दो दिन में रुपए लौटा देगा। इस पर अतुल नाराज हो गया और गाली-गलौज करने लगा। दोनों के बीच कहासुनी हो गई।

विवाद इतना बढ़ गया कि अतुल ने अचानक जेब से चाकू निकालकर रौनक पर हमला कर दिया। हमले में रौनक के कंधे पर चाकू लग गया, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। इसके अलावा उसकी पीठ पर भी किसी वस्तु से वार किया गया। घायल अवस्था में रौनक किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहा।

घटना के बाद रौनक ने सुबह थाने में और शाम को भीमापार चौकी पर लिखित तहरीर दी है। फिलहाल पुलिस द्वारा मामले में कार्रवाई की प्रतीक्षा की जा रही है। वहीं, इस संबंध में कोतवाली प्रभारी से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका।