Today Breaking News

गाजीपुर-आजमगढ़ हाईवे पर ट्रेलर ने बुलेट को मारी टक्कर, युवक घायल, चालक फरार

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर-आजमगढ़ हाईवे पर मंगलवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। दुल्लहपुर थाना क्षेत्र के सुहेलदेव राजभर मोड़ के पास रात करीब 8:30 बजे बुलेट मोटरसाइकिल और एक ट्रेलर की जोरदार टक्कर हुई। इस दुर्घटना में बुलेट सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि बुलेट का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं, ट्रेलर भी अनियंत्रित होकर सड़क के बीच में मुड़ गया, जिससे हाईवे पर लंबा जाम लग गया।

घटना के तुरंत बाद, मौके पर मौजूद लोगों और पुलिस की मदद से घायल युवक को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भेजा गया। बताया जा रहा है कि घायल युवक जमानिया क्षेत्र का निवासी है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। बाद में जानकारी मिली कि चालक ने ट्रेलर (नंबर UP 53 HT 6343) को सिखड़ी मार्केट के आगे बखरा स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप पर छोड़कर भाग निकला। ट्रेलर के पिछले नंबर प्लेट पर ग्रीस लगी होने के कारण नंबर स्पष्ट नहीं हो पा रहा था, हालांकि उस पर तीन मोबाइल नंबर लिखे थे।

इस दुर्घटना के कारण हाईवे पर घंटों तक यातायात बाधित रहा। दुल्लहपुर थाना पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद यातायात को सामान्य कराया। दुल्लहपुर थाना अध्यक्ष वागीश विक्रम सिंह ने बताया कि घायल व्यक्ति की पहचान अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है और मामले की जांच जारी है।