Today Breaking News

गाजीपुर में पिकअप की टक्कर से रेलवे क्रॉसिंग बूम टूटा; OHE तार क्षतिग्रस्त, ट्रेनों का आवागमन प्रभावित

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में सादात स्टेशन के दक्षिणी छोर पर स्थित गेट संख्या 25 बी-1 पर एक पिकअप गाड़ी की टक्कर से रेलवे क्रॉसिंग का बूम टूट गया। यह घटना तब हुई जब क्रॉसिंग बंद होने के दौरान पिकअप चालक उसे पार करने का प्रयास कर रहा था।
टक्कर के कारण गेट का बूम ऊपर मौजूद ओवरहेड इक्विपमेंट (OHE) तार से भी टकरा गया, जिससे बिजली आपूर्ति बाधित होने का खतरा उत्पन्न हो गया। इस घटना से ट्रेनों का आवागमन भी कुछ समय के लिए प्रभावित हुआ।

सूचना मिलते ही आरपीएफ पुलिस मौके पर पहुंची। औड़िहार से टावर वैगन के साथ इंजीनियरिंग टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और क्षतिग्रस्त ओएचई तार की मरम्मत की। एसएसई मऊ, एसएसई टीआरडी औड़िहार और एचआर गैंग ने मिलकर मरम्मत कार्य को अंजाम दिया।

मरम्मत के दौरान करीब दो मीटर क्षतिग्रस्त तार को काटकर नया लगाया गया और टूटे हुए गेट के बूम को भी बदला गया। रेलवे द्वारा इस कार्य के लिए एक घंटे का ब्लॉक लिया गया था। आरपीएफ उप निरीक्षक हरिनाथ यादव ने बताया कि इस मामले में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।