गाजीपुर पहुंचे उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, पूर्व IAS के पौत्रों के उपनयन संस्कार में हुए शामिल
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर जनपद के रेवतीपुर गाँव में सोमवार को पूर्व आईएएस अधिकारी लालजी राय के पौत्रों क्षितिज और शिवोम राय का उपनयन संस्कार आज सोमवार को संपन्न हुआ। यह संस्कार पारंपरिक वैदिक रीति-रिवाजों के साथ आयोजित किया गया।
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा भी इस अवसर पर उपस्थित रहे। उन्होंने दोनों बालकों को आशीर्वाद दिया। उपराज्यपाल के आगमन को लेकर स्थानीय लोगों में काफी उत्साह देखा गया। उपनयन संस्कार वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के साथ संपन्न हुआ, जिसमें गाँव के सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए। उपराज्यपाल ने इस दौरान आम लोगों से मुलाकात की, उनका कुशलक्षेम पूछा और उनके साथ जलपान भी किया।
उपराज्यपाल के आगमन के मद्देनजर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। सशस्त्र पुलिस बल ने उन्हें औपचारिक 'गार्ड ऑफ ऑनर' प्रदान किया। कार्यक्रम स्थल पर प्रशासनिक अधिकारी पूरी तरह मुस्तैद रहे। समारोह में क्षेत्र के कई गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद रहे। इनमें भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश राय आदि प्रमुख थे। इन सभी ने नव जनेऊधारियों को शुभकामनाएं दीं।
प्रशासनिक अधिकारियों में एसडीएम संजय यादव, सीओ अनिल कुमार, सीओ अशेष नाथ सिंह, रेवतीपुर प्रभारी निरीक्षक राजू दिवाकर और दिलदारनगर प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र सिंह भी कार्यक्रम में उपस्थित थे। उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
