Today Breaking News

गाजीपुर में होमगार्ड भर्ती परीक्षा में दूसरे दिन 2436 अभ्यर्थी अनुपस्थित

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में उत्तर प्रदेश होमगार्ड भर्ती परीक्षा के दूसरे दिन रविवार को विभिन्न केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की गई। कुल 9025 अभ्यर्थियों में से 2436 अनुपस्थित रहे। डीएम अनुपम शुक्ला ने परीक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए लुर्दस बालिका इंटर कॉलेज गाजीपुर परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान, जिलाधिकारी ने केंद्रों पर सीसीटीवी, कंट्रोल रूम, स्ट्रांग रूम और पेयजल जैसी सुविधाओं की जांच की। उन्होंने सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट और केंद्र व्यवस्थापकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा पूरी निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई जाए। साथ ही, आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का हर हाल में पालन सुनिश्चित करने को कहा।

परीक्षा की पहली पाली में 4512 में से 1196 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। जबकि दूसरी पाली में 4513 में से 1240 अभ्यर्थियों ने परीक्षा नहीं दी। डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और किसी भी प्रतिकूल परिस्थिति में तत्काल पुलिस बल की सहायता ली जाए। इस दौरान सूचना अधिकारी राकेश कुमार भी उपस्थित रहे।