गाजीपुर में भदौरा स्टेशन पर ट्रेन से कटकर बुजुर्ग की मौत
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. पंडित दीनदयाल उपाध्याय-दानापुर रेलखंड पर स्थित भदौरा रेलवे स्टेशन के होम सिग्नल के पास रविवार शाम एक अज्ञात बुजुर्ग की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। यह घटना डाउन लाइन पर हुई। शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो जाने के कारण उसकी पहचान नहीं हो सकी है।
सूचना मिलने पर आरपीएफ दिलदारनगर के जवान मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लिया। घटना के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई थी। आरपीएफ कर्मियों ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन देर शाम तक कोई जानकारी नहीं मिल पाई।
आरपीएफ प्रभारी दिलदारनगर गणेश सिंह राणा ने बताया कि रविवार को भदौरा रेलवे स्टेशन की डाउन लाइन पर एक मालगाड़ी की चपेट में आने से अज्ञात बुजुर्ग की मौत हुई। उन्होंने पुष्टि की कि शव अत्यधिक क्षत-विक्षत होने के कारण पहचान संभव नहीं हो सकी है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए गाजीपुर के मर्चरी हाउस भेज दिया गया है। आरपीएफ द्वारा मृतक की शिनाख्त कराने के प्रयास जारी हैं।
