गाजीपुर में दो डंपर में टक्कर, एक ड्राइवर घायल
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. बाराचवर विकासखंड के दुबिहा मोड़ लाठूडीह के बीच ओवरटेक करने के चक्कर में दो डंपरों में जोरदार टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में एक डंपर का ड्राइवर घायल हो गया। टक्कर के कारण दुबिहा मोड़ मार्ग पर कई घंटों तक लंबा जाम लगा रहा।
सूचना मिलने पर करीमुद्दीनपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल ड्राइवर को तुरंत चिकित्सा के लिए भेजा और दुर्घटनाग्रस्त डंपरों को हटाने के लिए हाइड्रा मंगवाया।
जाम में फंसे बाइक सवार और छोटे वाहन चालकों को चिलचिलाती धूप में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। आम राहगीरों को घंटों तक जाम में फंसे रहना पड़ा।
दैनिक भास्कर की टीम से बातचीत में राहगीरों ने बताया कि दुबिहा-मोहम्मदाबाद मार्ग पर ट्रेलर और डंपरों की तेज रफ्तार का आतंक है। आए दिन इन वाहनों के कारण दुर्घटनाएं होती रहती हैं, लेकिन इनकी गति पर लगाम लगाने के लिए कोई उच्च अधिकारी कदम नहीं उठा रहा है। इससे राहगीरों और छोटे वाहन चालकों की जान को खतरा बना रहता है।
इस संबंध में एसएसआई शैलेश मिश्रा ने बताया कि दोनों डंपर ओवरटेक करने के चक्कर में टकराए। पीछे वाले डंपर ने आगे वाले डंपर को टक्कर मारी, जिससे ड्राइवर को चोटें आईं। घायल ड्राइवर को इलाज के लिए भेजा गया है।
