गाजीपुर गंगा नदी में अज्ञात व्यक्ति का शव मिला, पुलिस कर रही जांच
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर शहर के सदर कोतवाली क्षेत्र में शनिवार को रामेश्वर घाट पर गंगा नदी में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला। शव पानी में उतराता हुआ दिखाई दिया, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया। मृतक की नाक से झाग जैसे निशान मिले हैं, जिससे पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस शव की स्थिति और मिले संकेतों के आधार पर मौत के कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है, जिसमें दुर्घटना, आत्महत्या या अन्य कोई वजह शामिल हो सकती है। घटनास्थल पर आसपास के लोगों से पूछताछ की गई, लेकिन अभी तक कोई ठोस जानकारी नहीं मिली है।
पुलिस ने समाजसेवी कुँवर वीरेन्द्र सिंह, एसआई चन्द्रशंकर मिश्रा और कांस्टेबल आशिक अली के सहयोग से शव को कब्जे में लेकर मर्चरी में रखवा दिया है। मृतक ने पीले रंग की शर्ट, काले रंग की बेल्ट और भूरे रंग की पैंट पहन रखी थी। पुलिस ने आसपास के सभी थानों को सूचना भेजकर शिनाख्त के प्रयास तेज कर दिए हैं। पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि यदि किसी को इस व्यक्ति के बारे में कोई जानकारी हो तो तत्काल पुलिस को सूचित करें।
सदर कोतवाल महेंद्र सिंह ने बताया कि गंगा नदी में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला है, जिसकी पहचान अभी नहीं हो पाई है। शव को गाजीपुर के मोर्चरी हाउस में रखवा दिया गया है और मामले की जांच के साथ-साथ पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
