Today Breaking News

गाजीपुर में ट्रेलर-पिकअप की टक्कर, ट्रेलर गंगा नदी में गिरा, चालक और खलासी लापता

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में शनिवार तड़के वीर अब्दुल हमीद सेतु पर एक ट्रेलर और सब्जी लदी पिकअप में भीषण टक्कर हो गई। टक्कर के बाद ट्रेलर अनियंत्रित होकर गंगा नदी में जा गिरा। यह घटना 15 दिन के भीतर पुल पर हुई दूसरी बड़ी दुर्घटना मानी जा रही है।
सुबह करीब 3 बजे हुई इस दुर्घटना में ट्रेलर सेतु की रेलिंग तोड़ते हुए 20-25 फीट नीचे गंगा में जा गिरा। ट्रेलर में चालक और एक खलासी सवार थे, जो वाहन सहित नदी में समा गए। पुल पर मौजूद अन्य वाहन और राहगीरों में भी हड़कंप मच गया।

टक्कर के कारण सब्जी लदी पिकअप पलटकर क्षतिग्रस्त हो गई। पिकअप पर लदी सब्जियां सड़क पर बिखर गईं। पिकअप चालक घायल हो गया, जिसे तुरंत अस्पताल भेजा गया। बताया गया कि पिकअप गाजीपुर शहर की ओर आ रही थी, जबकि ट्रेलर पुल पार कर दूसरी दिशा में जा रहा था।

घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस और राहत टीमें मौके पर पहुंचीं और गंगा में गिरे ट्रेलर तथा उसमें सवार लोगों की तलाश के लिए बचाव अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे बचाव कार्यों में सहयोग करें और पुल के पास अनावश्यक न रुकें।