गाजीपुर में विवाहिता की संदिग्ध मौत, पति समेत चार पर केस दर्ज
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के सादात थाना क्षेत्र के मलौरा गांव में एक विवाहिता की शुक्रवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। इस मामले में मृतका की मां ने पति समेत सास, ससुर और देवर के खिलाफ सादात थाने में तहरीर दी है।
जानकारी के अनुसार, आजमगढ़ जनपद के मेहनाजपुर थाना क्षेत्र के ढाका गांव निवासी विनोद राम की 25 वर्षीय पुत्री सोनी ने करीब डेढ़ साल पहले सादात थाना क्षेत्र के मलौरा निवासी रामपत राजभर के पुत्र नितेश राजभर से प्रेम विवाह किया था। नितेश राजभर वर्तमान में मुंबई में रहकर काम करता है।
शुक्रवार को सोनी के मायके वालों को सूचना मिली कि उसने जहरीला पदार्थ का सेवन कर लिया है। मायके वाले जब मौके पर पहुंचे, तो पता चला कि सोनी को सैदपुर सीएचसी ले जाया गया था। वहां से हालत बिगड़ने पर उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर सदर अस्पताल पहुंचे मकदमपुर चौकी प्रभारी पुनीत कुमार ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मायके वालों ने आरोप लगाया है कि लड़का राजभर बिरादरी का था और दलित बेटी होने के कारण सोनी को काफी प्रताड़ित किया जाता था। उन्होंने बताया कि घटना से एक दिन पहले भी दोनों के बीच फोन पर काफी कहासुनी हुई थी। उधर सास ससुर का कहना है कि वह खेत पर गेहूं काटने गए थे, तभी सोनी ने फोन करके खुद बताया कि उसने जहरीला पदार्थ का सेवन कर लिया है।
सादात एसओ पन्नेलाल यादव ने बताया कि मृतका की मां इंदु देवी की तहरीर पर मृतका के पति नितेश राजभर, सास राधिका देवी, ससुर राजपत राजभर और देवर राहुल राजभर के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
