Today Breaking News

गाजीपुर में अवैध खनन में दो ट्रैक्टर-ट्रॉली सीज, 50 हजार का जुर्माना भी लगा

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर जिले के जमानियां तहसील क्षेत्र में रविवार को अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। खनन विभाग और सुहवल थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर मिट्टी खनन में लिप्त दो ट्रैक्टर-ट्रॉली को मौके से जब्त कर लिया। इन पर 50 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है।
खनन विभाग के अनुसार, क्षेत्र में लंबे समय से खनन माफिया सक्रिय थे और प्रशासन की निगरानी से बचते हुए अवैध खनन कर रहे थे। लगातार मिल रही शिकायतों और खुफिया सूचना के आधार पर टीम ने रणनीति बनाकर कार्रवाई की और मौके पर दबिश देकर दोनों वाहनों को कब्जे में लिया।

जिला खनन अधिकारी ईश्वर चंद ने स्पष्ट किया कि जनपद में अवैध खनन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा लगातार निगरानी और अभियान चलाया जा रहा है, और जहां भी अनियमितता पाई जाएगी, वहां तत्काल कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र के खनन माफियाओं में खलबली मच गई है। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि अवैध खनन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए आगे भी इस तरह के विशेष अभियान जारी रहेंगे। अधिकारियों ने साफ किया है कि कानून से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।