Today Breaking News

गाजीपुर में ट्रक 200 मीटर रेलिंग तोड़ खाई में गिरा, चालक गंभीर रूप से घायल

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर रविवार को क्षेत्र के अंतर्गत माइलस्टोन 312 के पास एक ट्रक अनियंत्रित होकर लगभग 200 मीटर रेलिंग तोड़ते हुए गहरी खाई में जा गिरा। इस हादसे में ट्रक का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि खलासी सुरक्षित बताया जा रहा है। चालक और खलासी घंटों तक ट्रक के केबिन में फंसे रहे, जिन्हें बाद में रेस्क्यू टीम ने बाहर निकाला।

जानकारी के अनुसार, यह हादसा तब हुआ जब दाल से लदा एक ट्रक कानपुर से बिहार के भोजपुर जिले की ओर जा रहा था। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर 312 किलोमीटर पॉइंट के समीप अचानक वाहन की स्टीयरिंग फेल हो गई। तेज रफ्तार के कारण चालक ट्रक पर नियंत्रण नहीं रख सका और वह सड़क किनारे लगी लगभग 200 मीटर लोहे की रेलिंग को तोड़ता हुआ खाई में पलट गया।

हादसा इतना भीषण था कि ट्रक का अगला हिस्सा (केबिन) पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। चालक और खलासी घटना के बाद काफी देर तक केबिन के भीतर फंसे रहे। सूचना मिलने पर पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की पेट्रोलिंग टीम और स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची। टीम ने भारी मशीनरी और स्थानीय लोगों की सहायता से कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को केबिन से सुरक्षित बाहर निकाला।

रेस्क्यू टीम ने गंभीर रूप से घायल चालक को तत्काल एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा है। ट्रक का खलासी इस हादसे में चमत्कारिक रूप से सुरक्षित बच गया, हालांकि उसे मामूली चोटें आई हैं।

मौके पर मौजूद सुरक्षा टीम ने बताया कि ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है। एक्सप्रेसवे की किनारे बिखरे सामान और मलबे को हटाने की कार्रवाई की जाएगी, ताकि यातायात सुचारु रूप से चलता रहे। पुलिस ने घटना की जानकारी वाहन मालिक और परिजनों को दे दी है।