गाजीपुर में पशु तस्कर गिरफ्तार, साथी मौके से फरार, बछड़ा बरामद
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर जिले के भदौरा क्षेत्र में सेवराई चौकी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक पशु तस्कर को गिरफ्तार किया है, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक बछड़ा भी बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा के निर्देश पर गहमर कोतवाली पुलिस अपराधियों के खिलाफ अभियान चला रही है। इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह को सूचना मिली कि कुछ तस्कर गोकशी के लिए गोवंश ले जा रहे हैं।
सूचना पर सक्रिय हुई सेवराई चौकी पुलिस टीम ने सेवराई पावर हाउस वन पोखरा के पास घेराबंदी कर इरफान उर्फ सद्दाम पुत्र इम्तियाज को गिरफ्तार कर लिया। वह दिलदारनगर थाना क्षेत्र के उसिया उत्तर मुहल्ला का निवासी है। तलाशी के दौरान उसके पास से एक बछड़ा बरामद किया गया।
कार्रवाई के दौरान उसका साथी गोलू पुत्र गुड्डू खान, निवासी उसिया उत्तर मुहल्ला, मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में दबिश दे रही है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मु0अ0सं0 046/2026 में धारा 3/5A/8 गौ हत्या निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उप निरीक्षक विपिन कुमार सिंह, कांस्टेबल रामू कुशवाहा और कांस्टेबल सतीश कुमार शामिल रहे।
