Today Breaking News

गाजीपुर में भीषण आग से सात झोपड़ियां खाक, लाखों का नुकसान, दो बाइक भी जलीं

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर जिले के रेवतीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुर उर्फ साधोपुर गांव में सोमवार को भीषण आग लग गई। इस घटना में सात ग्रामीणों की सात रिहायशी झोपड़ियां जलकर खाक हो गईं, जिससे लाखों रुपये का नुकसान हुआ। आग की चपेट में आने से दो मोटरसाइकिलें भी पूरी तरह नष्ट हो गईं।
पीड़ितों के अनुसार, आग की शुरुआत कृष्णा राम की झोपड़ी से हुई बताई जा रही है। शुरुआत में आसपास के लोगों ने धुआं देखा, लेकिन इसे सामान्य गतिविधि समझकर नजरअंदाज कर दिया। इसी दौरान अचानक आग तेजी से फैल गई और एक के बाद एक सात झोपड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया।

इस अग्निकांड में कृष्णा राम, शिवकुमार, मारकंडे, राजेंद्र, राजाराम, गुड्डू और गोरख की झोपड़ियां पूरी तरह जल गईं। वहीं, मारकंडे और राजेंद्र की एक-एक मोटरसाइकिल भी आग की भेंट चढ़ गई।

आग लगते ही गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर बाल्टी और पानी के सहारे आग बुझाने का प्रयास किया। कड़ी मशक्कत के बाद कई घंटों में आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक सब कुछ जलकर खत्म हो चुका था।

घटना में राहत की बात यह रही कि ग्रामीणों की सतर्कता से सभी पशुओं को समय रहते बाहर निकाल लिया गया, जिससे कोई जनहानि या पशुहानि नहीं हुई। आग से करीब तीन लाख रुपये से अधिक का नुकसान होने का अनुमान है।

पीड़ित परिवारों ने बताया कि इस अगलगी में उनके घरों का समस्त सामान, कपड़े, खाद्यान्न और जरूरी दस्तावेज जलकर नष्ट हो गए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना देने के करीब दो घंटे बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची, तब तक स्थिति पूरी तरह बेकाबू हो चुकी थी।

प्रभारी निरीक्षक राजू दिवाकर ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है और घटना की सूचना उच्चाधिकारियों को दे दी गई है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है, जिसकी जांच की जा रही है।