Today Breaking News

गाजीपुर में ट्रेन की चपेट में आने से अधेड़ की मौत, परिजनों में मचा कोहराम

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. जमानिया तहसील क्षेत्र के डिग्री इलायचीपुर गांव के पास डाउन रेलवे ट्रैक पर सोमवार को एक अधेड़ व्यक्ति का शव मिला। सुबह ग्रामीणों ने ट्रैक किनारे शव पड़े होने की सूचना दी, जिसके बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलने पर जीआरपी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शुरुआत में शव की पहचान नहीं हो सकी। कई घंटों की मशक्कत के बाद मृतक की पहचान जीवपुर, जमानिया, जनपद गाजीपुर निवासी सुदर्शन यादव (पुत्र जंगबहादुर यादव) के रूप में हुई।

जानकारी के अनुसार, सुदर्शन यादव किसी काम से घर से निकले थे। डिग्री इलायचीपुर गांव के पास रेलवे ट्रैक पार करते समय वह किसी अज्ञात ट्रेन की चपेट में आ गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई।

जीआरपी प्रभारी अश्वनी पटेल ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई पूरी की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा गया है। उन्होंने कहा कि घटना के सही कारणों की जांच की जा रही है ।