गाजीपुर के विनय कुमार उपाध्याय UPPCS में 14वां रैंक पाकर बने SDM, पैतृक गांव में हुआ स्वागत
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीसीएस) की परीक्षा में 14वां स्थान प्राप्त कर एसडीएम बने विनय कुमार उपाध्याय का उनके पैतृक गांव मुहम्मदाबाद के कबीरपुर कला में सोमवार को जोरदार स्वागत किया गया।
गाजीपुर से खुली जीप में सवार विनय कुमार उपाध्याय के साथ चार पहिया और दो पहिया वाहनों का एक लंबा काफिला उनके गांव पहुंचा। इस दौरान पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखा गया।
पैतृक आवास पहुंचने से पहले, विनय कुमार उपाध्याय ने काफिले के साथ कुंडेसर स्थित जगज्जननी मां दुर्गा शिव मंदिर में दर्शन किए। इसके बाद उन्होंने श्री शिव मंदिर, श्री ब्रह्म स्थान, श्री काली जी मंदिर और कुलदेवी स्थान पर भी जाकर आशीर्वाद लिया।
अपने पैतृक आवास पहुंचने पर, पहले से मौजूद बड़ी संख्या में लोगों ने माल्यार्पण कर विनय कुमार उपाध्याय का स्वागत किया। इस अवसर पर सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर विनय कुमार उपाध्याय ने कहा कि उन्हें जो भी जिम्मेदारी मिलेगी, वे देश हित में पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ उसका निर्वहन करेंगे।
इस दौरान सेवानिवृत्त डिप्टी जेलर अश्वनी कुमार बालकृष्ण उपाध्याय, अनूप कुमार उपाध्याय, कृष्ण कुमार उपाध्याय, संदीप उपाध्याय, राजेश राय बागी, रामजी सिंह यादव, सुनील कुमार ओझा, जलालुद्दीन और गोपाल गुप्ता सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित थे।
