Today Breaking News

गाजीपुर में BJP सांसद ने CM योगी को लिखा पत्र, अखिलेश यादव के दौरे से पहले सौहार्द बिगड़ने की आशंका जताई

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर जिले के करंडा थाना क्षेत्र के कटरिया गांव में 15 अप्रैल को किशोरी निशा विश्वकर्मा की मौत का मामला अब राजनीतिक रंग लेने लगा है। 29 अप्रैल को प्रस्तावित अखिलेश यादव के दौरे से पहले इस मुद्दे पर बयानबाजी तेज हो गई है।
बीजेपी की राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत ने घटना को दुखद बताते हुए कहा कि पूरा जिला पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है और प्रशासन की कार्रवाई संतोषजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक दल इस संवेदनशील मामले में “राजनीतिक रोटी सेकने” की कोशिश कर रहे हैं, जिससे माहौल बिगड़ रहा है।

डॉ. बलवंत ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि जब उनका प्रतिनिधिमंडल गांव पहुंचा तो हालात बिगड़े और पथराव जैसी घटना हुई। उन्होंने दावा किया कि यह स्वतःस्फूर्त नहीं था, बल्कि इसके पीछे पार्टी नेतृत्व की भूमिका रही है। बीजेपी सांसद ने अखिलेश यादव पर आरोप लगाया कि वे कार्यकर्ताओं को उकसाने वाले बयान दे रहे हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि ऐसे समय में संवेदना प्रकट करना ज्यादा जरूरी है, न कि राजनीतिक बयानबाजी।

उन्होंने दावा किया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में किशोरी की मौत का कारण डूबना बताया गया है और पीड़ित परिवार भी पुलिस कार्रवाई से संतुष्ट है। ऐसे में घटना को अलग रंग देना गलत है। डॉ. संगीता बलवंत ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के सोशल मीडिया बयानों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि विपक्ष चुनिंदा घटनाओं पर ही सक्रिय होता है, जबकि अन्य मामलों में चुप्पी साध लेता है।

बीजेपी सांसद ने कहा कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश की कानून व्यवस्था मजबूत हुई है और दोषियों पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि सरकार की सक्रियता के कारण ही कार्रवाई संभव हो सकी।

उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर आशंका जताई है कि 29 अप्रैल को प्रस्तावित दौरे के दौरान फिर से माहौल बिगड़ सकता है। साथ ही अपील की कि इस घटना को राजनीतिक नहीं, बल्कि मानवीय दृष्टि से देखा जाए।