Today Breaking News

दामाद ने ससुराल में बीवी और सास को चाकू घोंप मार डाला, किया था प्रेम विवाह

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, बलिया. बलिया से दिल दहलाने वाली खबर सामने आई है। अमित नामक युवक शनिवार की रात अपने ससुराल पहुंचा। किसी बात पर विवाद होने पर पत्नी पर जानलेवा हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आई सास और ससुर को भी नहीं छोड़ा। गंभीर चोट लगने से पत्‍नी और सास की मौत हो गई जबकि घायल ससुर को अस्‍पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस की कई टीमें आरोपी पति को पकड़ने के लिए दबिश दे रही हैं। डबल मर्डर की घटना के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया है।
आरोपी अमित पत्नी प्रीति के साथ (फाइल फोटो। दोनों ने घर से भागकर शादी की थी।
एसपी ओमवीर सिंह ने बताया कि थाना नगरा के एक गांव से चाकूबाजी की खबर मिली। अमित कुमार गुप्ता सिंहाचौर गड़वार थाने का रहने वाला है। उसकी ससुराल बछईपुर गांव नगरा में थी। वह अपनी ससुराल आया था। किसी मुद्दे पर पत्‍नी से झगड़ा हुआ। बहस के दौरान अमित ने पत्‍नी पर चाकू से हमला बोल दिया। बचाने आए सास और ससुर पर भी चाकू से प्रहार कर दिया।

चाकू के वार से पत्‍नी प्रीति और सास सुशीला देवी गंभीर रूप से घायल हो गई। अत्‍यधिक खून बहने की वजह से दोनों की मौत हो गई। वहीं, घायल ससुर अंतु गुप्‍ता को आसपास के लोगों ने अस्‍पताल में भर्ती कराया है। उन्हे बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर किया गया है। अभी तक उनकी स्थिति सही बताई जा रही है।
वारदात के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बताया जा रहा है कि अमित ने चार साल पहले 2020 में घर से भागकर प्रीति के साथ लव मैरिज की थी। कुछ समय से दोनों के बीच दरार पड़ गई। दोनों का झगड़ा समय के साथ बढ़ता चला गया। इसके बाद प्रीति अमित को छोड़कर मायके आकर रहने लगी। शनिवार रात अचानक अमित ससुराल पहुंचा और प्रीति से अपने बच्‍चे को छीनने की कोशिश करने लगा। प्रीति ने जब शोर मचाया तो उस पर चाकू से आकर हमला कर दिया।

एसपी ओमवीर सिंह के अनुसार, अमित की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें लगाई गई है। इसके सभी संभावित स्थानों पर पुलिस दबिश दे रही है। मौके पर स्वाट, सर्विलांस टीम, फील्ड यूनिट आउट क्षेत्राधिकारी रसड़ा घटना स्थल पर मौजूद है। आरोपी की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।