Today Breaking News

गाजीपुर में मां, बेटा और बेटी एक साथ लापता, तलाश के लिए टीमें गठित

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर जिले के रेवतीपुर थाना क्षेत्र के नवली गांव स्थित भक्सी का डेरा में एक ही परिवार के तीन सदस्य, मां, बेटा और बेटी, अचानक लापता हो गए हैं। इस घटना से परिजनों और गांव में चिंता का माहौल है।
नवली गांव निवासी सुरेन्द्र यादव ने शनिवार को पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी पत्नी शीला (45 वर्ष), पुत्र कृष्ण कुमार (14 वर्ष) और पुत्री खुशी यादव (16 वर्ष) बीते 15 अप्रैल 2026 की सुबह बिना किसी सूचना के घर से चले गए।

सुरेन्द्र यादव ने जानकारी दी कि उन्होंने कई दिनों तक अपने स्तर पर लापता सदस्यों की खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने शनिवार को रेवतीपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत मिलते ही पुलिस महकमे में तत्काल जांच प्रक्रिया शुरू कर दी गई। पुलिस ने लापता तीनों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की हैं।
पुलिस मोबाइल सर्विलांस, कॉल डिटेल्स और अन्य तकनीकी साधनों की मदद से उनकी लोकेशन का पता लगाने का प्रयास कर रही है। आसपास के इलाकों में भी सूचना प्रसारित कर संभावित ठिकानों पर छानबीन की जा रही है।

प्रभारी निरीक्षक राजू दिवाकर ने बताया कि पीड़ित पति की तहरीर के आधार पर पूरे मामलें की छानबीन शुरू कर दिया गया है,उन्होंने कहा कि पुलिस पूरी गंभीरता के साथ जांच में जुटी है और लापता मां-बेटे-बेटी की सकुशल बरामदगी के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।