Today Breaking News

गाजीपुर में कार-स्कूटी की टक्कर में महिला की मौत, एक घायल

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गोरखपुर-वाराणसी फोरलेन हाईवे पर औड़िहार गांव के पास एक कार और स्कूटी की टक्कर हो गई। इस हादसे में स्कूटी सवार एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल हो गई।
मृतक महिला की पहचान संध्या (40) के रूप में हुई है। स्कूटी चला रही प्रेमलता (50) गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हायर मेडिकल सेंटर रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार, सैदपुर के खानपुर थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव निवासी संध्या अपने पति धर्मेंद्र के साथ वाराणसी के महमूरगंज में रहती थीं। उनके पति गुजरात में कार्यरत हैं। संध्या अपने बच्चों शुभम और सत्यम की पढ़ाई-लिखाई में सहयोग करती थीं।

शनिवार को संध्या महमूरगंज निवासी निजी विद्यालय की अध्यापिका प्रेमलता के साथ सैदपुर नगर में अपनी बहन सपना के बीमार बच्चों का हाल जानने आई थीं। शाम को दोनों महिलाएं वाराणसी लौट रही थीं। स्कूटी प्रेमलता चला रही थीं। सैदपुर थाना क्षेत्र के औड़िहार गांव के पास गोरखपुर-वाराणसी फोरलेन हाईवे पर पीछे से आ रही एक कार ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि प्रेमलता सड़क किनारे खेत में जा गिरीं, जबकि संध्या सड़क पर गिर गईं। तभी पीछे से आ रही एक अन्य कार ने उन्हें कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

सूचना मिलते ही सैदपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल प्रेमलता को सैदपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से उन्हें हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया गया।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार और संध्या के शव को कब्जे में लेकर जिला मुख्यालय स्थित मोर्चरी हाउस भेज दिया है। घटना की जानकारी संध्या के गुजरात में कार्यरत पति धर्मेंद्र को दे दी गई है, जो सैदपुर के लिए रवाना हो गए हैं।

कस्बा पुलिस चौकी इंचार्ज मनोज कुमार ने बताया कि मृतक महिला के पति को सूचना दे दी गई है। उनके आने पर पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई जाएगी। तब तक शव को मोर्चरी हाउस भेज दिया गया है। घटना में शामिल कार को कब्जे में ले लिया गया है। जांच की जा रही है।